29 सितंबर को पीड़ा से शुरू होगा जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान, 17 अक्टूबर तक होंगे शिविर
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
जनपद रुद्रप्रयाग सहित संपूर्ण राज्य में 15 सितम्बर से 18 अक्टूबर, 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जनपद रुद्रप्रयाग में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न विकासखंडों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 सितम्बर को राजकीय इंटर कॉलेज पीड़ा, विकासखंड अगस्त्यमुनि, 03 अक्टूबर को राजकीय इंटर कॉलेज पलद्वाड़ी (भींगी), विकासखंड ऊखीमठ, 09 अक्टूबर को राजकीय इंटर कॉलेज रामाश्रम, विकासखंड जखोली तथा 17 अक्टूबर को राजकीय इंटर कॉलेज बरसूड़ी (खेड़ाखाल), विकासखंड अगस्त्यमुनि में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविरों में स्वास्थ्य जांच सहित विभिन्न विभागों द्वारा बहुउद्देशीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन एवं पंजीकरण की व्यवस्था की जाएगी। योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों को भी शिविरों में आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराए जाएंगे, जिससे अन्य नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा सके।
शिविर के दौरान आमजन की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। युवाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार एवं उद्यमिता से संबंधित योजनाओं की जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला सशक्तिकरण, पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं स्वयं सहायता समूहों से संबंधित गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही नागरिकों को विभिन्न डिजिटल एवं ऑनलाइन सरकारी सेवाओं के उपयोग की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग ऑनलाइन माध्यम से सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकें।
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्धारित तिथियों पर आयोजित होने वाले शिविरों में आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ उपस्थित रहकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करना सुनिश्चित करें।

