सेवा संकल्प अभियान के तहत घर-घर पहुंच रहे अधिकारी, ग्रामीणों को दी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

सेवा संकल्प अभियान के तहत घर-घर पहुंच रहे अधिकारी, ग्रामीणों को दी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद रुद्रप्रयाग में समाज कल्याण विभाग द्वारा तीनों विकासखंडों में डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर पात्र लाभार्थियों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया, पंजीकरण एवं पात्रता के संबंध में जागरूक कर रहे हैं।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं, जिसमें वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं, की जानकारी दी जा रही है। साथ ही पात्र लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया एवं योजनाओं से मिलने वाले लाभों के संबंध में भी विस्तार से बताया जा रहा है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा ने बताया कि गत सप्ताह जनपद के तीनों विकासखंडों में डोर-टू-डोर संपर्क अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान अटल आवास योजना के अंतर्गत 9 नए आवेदन पत्र स्वीकृत किए गए। इसके अलावा विभिन्न स्तरों पर 80 वृद्धावस्था पेंशन, 42 विधवा पेंशन एवं 15 दिव्यांग पेंशन के आवेदन स्वीकृत/अग्रसारित करने की कार्यवाही की गई।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत 3 विधवा महिलाओं के आवेदन प्राप्त हुए, जिनकी आवश्यक औपचारिकताएं सहायक समाज कल्याण अधिकारी के माध्यम से पूर्ण कराई गईं।