गांधी-शास्त्री जयंती पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने लिया आदर्शों पर चलने का संकल्प

गांधी-शास्त्री जयंती पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने लिया आदर्शों पर चलने का संकल्प

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

आज दिनांक 02 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयन्ती के अवसर पर जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

रिजर्व पुलिस लाइन रतूड़ा के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर द्वारा महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र का अनावरण कर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दोनों महापुरुषों के आदर्शों, जीवन मूल्यों एवं सिद्धांतों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समाज में समानता, साम्प्रदायिक सद्भाव, अहिंसा एवं प्रेम की भावना को बढ़ावा देने तथा सुदृढ़ एवं समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुण्डीर द्वारा पुलिस कार्यालय में तथा जनपद के समस्त कोतवाली एवं चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने कार्यालय/प्रांगण में महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए गए। इस दौरान अधीनस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों को अहिंसा एवं शांति की प्रतिज्ञा दिलाते हुए उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया गया।

आयोजित हुए कार्यक्रम के उपरान्त जनपद के पुलिस कार्यालय, पुलिस लाइन, समस्त कोतवाली एवं पुलिस चौकियों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता का संदेश देते हुए अपने कार्यस्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की।

महात्मा गांधी जी का सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता का संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री जी की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा की भावना आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।