उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन सतर्क, ऊखीमठ बाजार में खाद्य और दवा प्रतिष्ठानों की जांच
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जनपद न्यायाधीश, रुद्रप्रयाग के मार्गदर्शन में तथा सचिव , जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग पायल सिंह के नेतृत्व में दिनांक 28 नवम्बर, 2026 को मुख्य बाजार, ऊखीमठ में जनस्वास्थ्य की सुरक्षा, उपभोक्ता अधिकारों के संरक्षण तथा आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री एवं गुणवत्तायुक्त औषधियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि गुणवत्ता संबंधी संयुक्त औचक निरीक्षण अभियान संचालित किया गया।
अभियान में मनोज कुमार सेमवाल, सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा अमित कुमार आजाद, औषधि निरीक्षक द्वारा प्रतिभाग किया गया। अभियान के अंतर्गत मुख्य बाजार ऊखीमठ स्थित विभिन्न खाद्य विक्रय प्रतिष्ठानों, जनरल स्टोर एवं मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान नेगी जनरल स्टोर, गिरीश मेडिकल्स एवं बर्त्वाल मेडिकल, ऊखीमठ सहित अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों एवं औषधियों के सुरक्षित रख-रखाव तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया गया।
खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, निर्माण एवं समाप्ति तिथि, भंडारण व्यवस्था, स्वच्छता, खाद्य सामग्री को सुरक्षित एवं ढककर रखने की व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के लाइसेंस एवं पंजीकरण की जांच की गई। वहीं मेडिकल स्टोर के निरीक्षण के दौरान औषधियों की उपलब्धता एवं रख-रखाव, दवाइयों की निर्माण एवं समाप्ति तिथि, दवाओं के भंडारण की निर्धारित परिस्थितियों, औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित आवश्यक अभिलेखों तथा औषधि विक्रय लाइसेंस की वैधता का परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों एवं औषधियों के सुरक्षित भंडारण, स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्धारित वैधानिक प्रावधानों का पालन करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्हें विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि खाद्य सामग्री एवं औषधियों को विक्रय हेतु प्रदर्शित अथवा भंडारित न किया जाए तथा उपभोक्ताओं को केवल निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप सामग्री एवं दवाइयां ही उपलब्ध कराई जाएं।
इस अवसर पर सचिव पायल सिंह ने कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि गुणवत्ता केवल विभागीय विषय नहीं हैं, बल्कि ये प्रत्येक नागरिक के स्वास्थ्य, जीवन की गुणवत्ता एवं उपभोक्ता अधिकारों से प्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं। प्रत्येक उपभोक्ता को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री तथा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप औषधियां प्राप्त करने का अधिकार है। खाद्य पदार्थों में मिलावट, एक्सपायरी सामग्री का विक्रय, अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री का भंडारण तथा औषधियों के रख-रखाव एवं विक्रय में निर्धारित मानकों की अनदेखी आमजन के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकती है। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है तथा संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करना चाहिए।
सचिव ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि मानकों के अनुपालन की नियमित निगरानी की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता, मिलावट, एक्सपायरी सामग्री के विक्रय अथवा औषधि संबंधी नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

