महाविद्यालय परिसर में दिखा देशभक्ति का रंग, स्वतंत्रता सेनानियों के उद्धरणों से सजी दीवारें

महाविद्यालय परिसर में दिखा देशभक्ति का रंग, स्वतंत्रता सेनानियों के उद्धरणों से सजी दीवारें

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

आज दिनांक 12-08-2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर “हर घर तिरंगा अभियान” के अंतर्गत सांस्कृतिक समिति एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता सेनानियों के उद्धरणों एवं राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” के अंशों से महाविद्यालय परिसर की दीवारों को सजाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना जागृत करना तथा उन्हें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान एवं राष्ट्रप्रेम के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रीटा शर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के विचारों एवं आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के प्रेरणादायक उद्धरणों एवं “वंदे मातरम्” के अंशों को सुंदर एवं आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं द्वारा महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सरदार वल्लभभाई पटेल आदि स्वतंत्रता सेनानियों के प्रेरणादायक विचारों एवं राष्ट्रभक्ति से संबंधित संदेशों को दीवारों पर प्रदर्शित किया गया। साथ ही तिरंगे के रंगों एवं राष्ट्रीय प्रतीकों का प्रयोग करते हुए महाविद्यालय परिसर को आकर्षक एवं देशभक्तिपूर्ण स्वरूप प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं कु. ममता जोशी, कु. अर्चना, कु. काजल, कु. संतोषी, कु. निकिता, गौरव एवं शुभम आदि छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए दीवार सजावट एवं रचनात्मक कार्य में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक समिति संयोजक डॉ. रेनू सनवाल एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शाजिया सिद्दीकी के संयुक्त निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सांस्कृतिक समिति, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों तथा महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।