सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती, रुद्रप्रयाग में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर विशेष अभियान शुरू

सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती, रुद्रप्रयाग में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर विशेष अभियान शुरू

रुद्रप्रयाग /नवक्रान्ति समाचार 

मा० उच्चतम न्यायालय एवं मा० उच्च न्यायालय उत्तराखण्ड के निर्देशों तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के क्रम में जनपद रुद्रप्रयाग में व्यापक गहन अभियान प्रारम्भ किया गया। अभियान का उद्देश्य नगर निकायों एवं न्याय पंचायत क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करना है।

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के निर्देशानुसार शुक्रवार को न्याय पंचायत अगस्त्यमुनि, भीरी, चन्द्रपुरी, चोपता, मयकोटी एवं मरोडा में नामित निरीक्षण अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान संचालित किया गया। निरीक्षण के दौरान बाजार क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों, नालियों, कूड़ा संग्रहण स्थलों तथा स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं ग्रामीणों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूर्णतः बंद करने, कूड़े का स्रोत स्तर पर पृथक्करण करने तथा जैविक एवं अजैविक अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण में सहयोग करने की अपील की। संबंधित विभागों को नियमित सफाई, कूड़ा उठान तथा जागरूकता गतिविधियों को निरंतर जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान आगामी तिथियों में अन्य न्याय पंचायतों एवं नगर निकाय क्षेत्रों में भी चलाया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जनपदवासियों से स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त रुद्रप्रयाग के निर्माण में सक्रिय सहभागिता की अपील की गई है।