जन संवाद में गढ़वाल आयुक्त ने सुनीं समस्याएं, सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की भी की समीक्षा
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने सोमवार को एक दिवसीय जनपद रुद्रप्रयाग भ्रमण के दौरान जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता मिलन/जन संवाद कार्यक्रम में जनपदवासियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, आवास, मुआवजा सहित विभिन्न समस्याएं एवं मांगें आयुक्त के सम्मुख रखीं।
जन संवाद कार्यक्रम में भगत सिंह चौहान ने गत वर्ष दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त जवाड़ी पार्क में सुरक्षात्मक कार्य कराने, क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को सुचारू करने तथा सुमाड़ी-जखोली-मुसाढुंग मोटर मार्ग पर पैच वर्क करने हेतु आवश्यक कार्यवाही की मांग की। गढ़तरा नाला की सुनीता देवी ने नाप भूमि को खाता-खतौनी में दर्ज कराने की मांग रखी। पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणेश तिवारी ने आदर्श ग्राम देवली भणीग्राम के मुख्य मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों पर तैनाती की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों द्वारा कुल 33 समस्याएं एवं मांगें आयुक्त के समक्ष रखी गईं, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए प्रेषित किया गया। वहीं दो मांगों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आयुक्त ने संबंधितों को मौके पर ही तिरपाल आदि आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई।
गढ़वाल आयुक्त ने सीएम हेल्पलाइन-1905 पर लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने विभागवार लंबित शिकायतों के संबंध में शिकायतकर्ताओं से फोन पर वार्ता कर प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने जिन विभागों द्वारा सीएम पोर्टल पर शिकायतों को आंशिक रूप से क्लोज किया गया है, उन प्रकरणों को पुनः रिविजिट कर शिकायतों का पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
टीबी मरीज को लिया गोद
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जनपद में संचालित टीबी मरीजों को गोद लेने की पहल में गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने भी अपना योगदान देते हुए एक टीबी मरीज को गोद लिया। उन्होंने मरीज के उपचार एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई, जिससे मरीज को गुणवत्तापूर्ण भोजन, दवाइयां एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
जन संवाद कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, उप वन संरक्षक विनीत कुमार, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत, अधिशासी अभियंता एनएच ओंकार पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनमानस उपस्थित रहे।

