ऊखीमठ में सेवा सप्ताह के तहत विशेषज्ञ हेल्थ कैंप शुरू

ऊखीमठ में सेवा सप्ताह के तहत विशेषज्ञ हेल्थ कैंप शुरू

  • पीएचसी ऊखीमठ में 12 तक चलेगा विशेषज्ञ हेल्थ कैंप
  • पहले दिन 87 मरीजों की हुई जांच, 58 के हुए एक्स-रे

ऊखीमठ/ रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

सेवा सुशासन समर्पण कार्यक्रम के अंतर्गत सेवा सप्ताह के तहत स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर शुरू हो गया। सुबह से ही रूक-रूक कर हो रही बारिश के बीच शुरू हुए शिविर के पहले दिन 87 मरीजों की जांच की गई।

शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में आयोजित विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में जिला चिकित्सालय रूद्रप्रयाग व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि के विशेषज्ञ चिकित्सकों व तकनिशियनों की टीम द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में बाल रोग विशेषज्ञ डाॅ. हेमा असवाल ने 11, नेत्र विशेषज्ञ डाॅ. धनेश्वरी ने 15, फिजीशियन डाॅ. महेश जोशी ने 48, स्त्री रोग विशेषज्ञ डाॅ. संजीव कटारा ने 13 मरीजों की जांच की। इस आवसर पर 58 के एक्सरे व खून की विभिन्न 61 जांचें हुई। साथ ही 26 ग्रामीणों के आभा कार्ड व 09 ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सीमा टेकचंदानी ने बताया कि तीन दिवसीय विशेषज्ञ शिविर के तहत 11 व 12 जुलाई को भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम सेवाएं देगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।

विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डाॅ. गोपाल सजवाण, डाॅ. मोनिका सजवाण, डाॅ. मोहित सिंहमार, दृष्टिमितिज्ञ राजेश पुरोहित, ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक अमित मैठाणी, लेखाकार अमित नौडियाल आदि मौजूद रहे।