मल्यागांव में पोषण जागरूकता कार्यक्रम, दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चे का अन्नप्राशन

मल्यागांव में पोषण जागरूकता कार्यक्रम, दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चे का अन्नप्राशन

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

9वें राष्ट्रीय पोषण माह एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को आंगनबाड़ी केंद्र मल्यागांव में “आंगन का मिलन” जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सुपरवाइजर बीना देवी द्वारा गर्भवती महिलाओं शालिनी देवी एवं पिंकी देवी की फल, हरी सब्जी, नारियल इत्यादि देकर गोदभराई की गई। साथ ही एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया और 15 किशोरी बालिकाओं को जागरूकता हेतु डायरी वितरित की गई।

कार्यक्रम में उपस्थित गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान संतुलित खान-पान, नियमित प्रसव पूर्व जांच, आयरन व कैल्शियम की गोलियों के सेवन तथा संस्थागत प्रसव के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही आंगनबाड़ी विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महालक्ष्मी किट योजना, पोषण अभियान आदि की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनीता देवी, ग्राम प्रधान मल्यागांव सतेश्वरी देवी, क्षेत्रीय सुपरवाइजर पुष्पा खत्री, नर्मदा काला, रागिनी जोशी, ब्लॉक समन्वयक पवन आर्य सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं एवं किशोरी बालिकाएं मौजूद रहीं।