पीएचसी ग्वाड़ की व्यवस्थाओं पर सीएमओ सख्त, पेयजल और सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश

पीएचसी ग्वाड़ की व्यवस्थाओं पर सीएमओ सख्त, पेयजल और सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ग्वाड़ का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने दवा एवं चिकित्सा उपकरणों की स्थिति देखने के साथ पेयजल और आवासीय भवनों की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण में सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने और सफाई कर्मी के अनुपस्थित पाये जाने पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधित सफाई कर्मी का स्पष्टीकरण तलब किया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध दवाओं और चिकित्सा उपकरणों का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सा अधिकारी डॉ. विमल नाथ को उपकरणों को निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थित रखने व स्वास्थ्य केंद्र की अन्य व्यवस्थाओं में जरूरी सुधार के निर्देश दिए। कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं।

निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय का पेयजल संयोजन टूटा मिला। इस पर सीएमओ ने जल संस्थान के अधिकारियों से वार्ता कर संयोजन को जल्द दुरुस्त कराने को कहा, जिस पर जल संस्थान की ओर से शीघ्र संयोजन ठीक कर जलापूर्ति बहाल करने का भरोसा दिलाया गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र के आवासीय भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि भवन पुराना हैं और इनमें मरम्मतीकरण की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि भवन की स्थिति को देखते हुए आवश्यक मरम्मतीकरण कार्य जिला योजना मद से कराया जाएगा, जिसके संबंध में शीघ्र ही कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी।