14 दिवसीय सॉफ्ट टॉय मेकिंग प्रशिक्षण का हुआ समापन

14 दिवसीय सॉफ्ट टॉय मेकिंग प्रशिक्षण का हुआ समापन

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), रुद्रप्रयाग ने स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने और हस्तकला के क्षेत्र में कौशल विकास को बढ़ावा देने हेतु 14 दिवसीय सॉफ्ट टॉय मेकिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का समापन स्थानीय प्रशिक्षुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के समापन समारोह के अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत द्वारा बताया गया कि नगर क्षेत्र में इस प्रकार के प्रशिक्षण स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार के नये आयाम स्थापित करेगें और भविष्य में स्थानीय महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने हेतु मील का पत्थर साबित होगे।

एसबीआई आरसेटी के निदेशक किसन सिहं रावत ने इस अवसर पर कहा कि यह संस्थान ग्रामीण युवाओं व युवतियों के कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, आरसेटी के सभी प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क है, जिसमें प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण के साथ-साथ आवास और भोजन की सुविधा भी प्रदान की जाती है। सॉफ्ट टॉय मेकिंग प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों को सॉफ्ट टॉयज के डिजाइनिंग, सिलाई और विपणन में दक्ष बनाना है ताकि वे स्वयं का व्यवसाय शुरू कर सकें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को सॉफ्ट टॉय उद्योग की बारीकियाँ और बाजार की मांग के अनुसार उत्पाद तैयार करने की जानकारी दी गई।

लीड बैंक मैंनेजर चत्तर सिंह द्वारा बताया कि यह प्रशिक्षण सभी के लिए एक सुनहरा अवसर है। इससे सभी प्रशिक्षणार्थी न केवल नई कला सीख रहे हैं, बल्कि इसे व्यवसाय के रूप में अपनाकर आत्मनिर्भर भी बन सकते हैं। साथ ही स्वरोजगार शुरू करने के लिए ऋण सुविधा हेतु मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। यह पहल स्थानीय स्तर पर हस्तकला को बढ़ावा देने और बेरोजगारी को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रशिक्षण के दौरान लीड बैंक मैंनेजर द्वारा महिलाओं को बैंकिंग प्रणाली, खाता खोलने, बचत, ऋण, डिजिटल बैंकिंग, और वित्तीय प्रबंधन के बारे में जानकारी दी गई

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनर रेनु नेगी द्वारा प्रतिभागियों को सॉफ्ट टॉय बनाने की तकनीकी जानकारी, आधुनिक डिजाइनिंग, विभिन्न प्रकार के सॉफ्ट टॉय (जैसे टेडी बेयर, गुड़िया, जानवरों के आकार) डिज़ाइन करने की तकनीक, कपड़े, फोम, फाइबर, और अन्य सामग्रियों का उपयोग करके सॉफ्ट टॉय बनाने की प्रक्रिया सिखाई गई साथ ही आकर्षक और टिकाऊ टॉय बनाने के लिए सटीक माप और पैटर्न तैयार करना बताया गया। आरसेटी के प्रशिक्षक भूपेंद्र सिंह रावत द्वारा प्रशिक्षण के दौरान मार्केटिंग, बाजार समीक्षा, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, प्रोड्क्ट की लागत, मूल्य, बिजनेस प्लान, गुणवत्ता नियंत्रण और बाजार में उत्पाद बेचने की रणनीतियों के बारे में विस्तृत रुप से बताया गया।

प्रशिक्षण के समापन समरोह अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत और आरसेटी निदेशक किसन रावत द्वारा सभी प्रशिक्षणार्थिओं को प्रमाण- पत्र वितरित किये गये तथा समापन अवसर पर जसपाल भारती, भूपेंद्र रावत, प्रवीन कप्रवान, संगीता कप्रवान, बीरा देवी, सुरजी देवी, ज्योति, विनीता देवी, राधा देवी, नेहा, सिमरन आदि उपस्थित थे।