उत्तरकाशी में बड़ा हादसा: सात यात्रियों को लेकर जा रहा हेलिकॉप्टर क्रैश, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
नवक्रान्ति समाचार
उत्तराखंड के चारधाम यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। सुबह उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री धाम के गंगनानी क्षेत्र की ओर जा रहा aero trans प्राइवेट कंपनी का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलिकॉप्टर में कुल सात लोग सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई। राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार दो यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। अन्य यात्रियों की तलाश जारी है।
यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब राज्य में चारधाम यात्रा अपने चरम पर है। देशभर से भारी संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा के लिए उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। कुछ श्रद्धालु पैदल यात्रा कर रहे हैं, जबकि कई लोग हेली सेवा का उपयोग कर रहे हैं।
वहीं मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। ऐसे में इस हादसे को लेकर भी शुरुआती अनुमान है कि खराब मौसम एक प्रमुख कारण हो सकता है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने और आधिकारिक सूचना का पालन करने की अपील की है।

