उत्तराखंड क्रांति दल का जिला अधिवेशन हुआ सफलतापूर्वक संपन्न
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
उत्तराखंड क्रांति दल का जिला अधिवेशन 28 अगस्त 2025 को डिमरी लॉज, सुमड़ी तिलवाड़ा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अधिवेशन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर उक्रांद को जनपद में मज़बूत करने का संकल्प लिया गया।
प्रथम सत्र में निवर्तमान जिलाध्यक्ष एवं संयोजक बलवीर चौधरी की अध्यक्षता में वक्ताओं ने अपने विचार सदन में रखे तथा 2027 के चुनाव हेतु अभी से गाँव-गाँव जाकर जुड़ने का संकल्प लिया।
द्वितीय सत्र में चुनाव प्रक्रिया प्रेक्षक डी.डी. पंत की उपस्थिति में सम्पन्न हुई, जिसमें सर्वसम्मति से पूर्व कर्मचारी नेता एवं आंदोलनकारी सुरत सिंह जिंकवाण को जिलाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। उनके नाम का प्रस्ताव पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं वरिष्ठ नेता सुबोध नौटियाल ने प्रस्तुत किया, जिसका अनुमोदन संपूर्ण सदन ने किया।
अधिवेशन में प्रेम सिंह रावत को जिला उपाध्यक्ष, अजीत भंडारी को जिला मंत्री, सुबोध नौटियाल को कार्यकारी अध्यक्ष तथा दुर्गेश शुक्ला को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर जिला प्रभारी विष्णु कांत शुक्ला एवं प्रेक्षक डी.डी. पंत ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे एकजुट होकर उत्तराखंड के व्यापक जनहित हेतु आम कार्यकर्ता की आवाज़ को मुखर करें।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुरत सिंह जिंकवाण ने विश्वास दिलाया कि जिस भरोसे के साथ कार्यकर्ताओं ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
अधिवेशन में दर्जनों लोगों ने उत्तराखंड क्रांति दल की सदस्यता ग्रहण की, जिनमें छात्र नेता एवं पूर्व सैनिक भी सम्मिलित रहे।
इस अवसर पर केदारनाथ विधानसभा से पूर्व विधायक प्रत्याशी डॉ. आशुतोष भंडारी, वरिष्ठ नेता पृथ्वी पाल रावत, विक्रम फर्श्वान, दीप प्रकाश भट्ट सहित अनेक सम्मानित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

