देहरादून के मोहब्बेवाला में भीषण सड़क हादसा, सीमेंट से लदा 16 टायरा ट्रक पलटा, एक की मौत, दो घायल

देहरादून के मोहब्बेवाला में भीषण सड़क हादसा, सीमेंट से लदा 16 टायरा ट्रक पलटा, एक की मौत, दो घायल

देहरादून / नवक्रान्ति समाचार

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मोहब्बेवाला क्षेत्र में सीमेंट से लदा एक 16 टायरा भारी ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे की चपेट में पास से गुजर रही एक बाइक भी आ गई।

बताया जा रहा है कि हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने शुरू किया राहत-बचाव कार्य

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है।

यातायात रहा प्रभावित

भारी ट्रक के सड़क पर पलटने से मोहब्बेवाला मार्ग पर कुछ देर तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन मंगाकर ट्रक को सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारू करवाया।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में ट्रक के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, लेकिन दुर्घटना की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।