केदारनाथ स्थित चोराबाड़ी ग्लेशियर में सामान्य हिमस्खलन, रेस्क्यू टीमें अलर्ट मोड पर
जनमानस से अपील अफवाहों पर ध्यान न दे: हेमंत द्विवेदी
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
श्री बदरीनाथ – केदारनाथ मंदिर समिति ( बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने आज 4 सितंबर दिन के समय केदारनाथ के निकट चोराबाड़ी ग्लेशियर में हुये हिमस्खलन ( एवलांच) को सामान्य घटना बताया है कहा कि इससे केदारनाथ क्षेत्र या मंदिर के आसपास कोई नुक़सान नही हुआ है उन्होंने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें।
उल्लेखनीय है कि आज बृहस्पतिवार अपराह्न को चोराबाड़ी ग्लेशियर में मामूली हिमस्खलन हुआ जिसके बाद रूद्रप्रयाग जिला प्रशासन, जिला आपदा प्रबंधन सहित एसडीआरएफ एनडीआरएफ एलर्ट हो गयी है।
केदारनाथ क्षेत्र के चोराबाड़ी ग्लेशियर में आज एक सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया के तहत हल्का एवलांच(हिमस्खलन) दर्ज किया गया, जिसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। रेस्क्यू टीमों को एहतियातन अलर्ट मोड पर रखा गया है, हालांकि राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई नुकसान नहीं हुआ है और स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने जानकारी देते हुए बताया कि आज दोपहर लगभग 2 बजे चोराबाड़ी ग्लेशियर क्षेत्र में एक एवलांच की घटना दर्ज की गई, जो कि मौसम और प्राकृतिक परिस्थितियों के अनुसार एक सामान्य प्रक्रिया है।उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद विशेषज्ञ टीमों को अलर्ट कर दिया गया, जो मौके की वस्तुस्थिति का आकलन कर रही हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है और इस प्रकार की प्राकृतिक गतिविधियां हिमालयी क्षेत्रों में सामान्य होती हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी प्रकार की असत्य या भ्रामक सूचना का प्रसार न करने का आग्रह किया है।

