पूर्व विधायक सुरेश राठौर की जमानत याचिका खारिज,कोर्ट ने भेजा जेल
नवक्रान्ति समाचार
अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े चर्चित घटनाक्रमों के बीच भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की गिरफ्तारी ने प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। पुलिस ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर को हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर का नाम भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार जिले के झबरेड़ा, बहादराबाद तथा देहरादून के नेहरू कॉलोनी और डालनवाला थानों में सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ विभिन्न शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज किए गए थे। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित ऑडियो और वीडियो सामग्री में भाजपा नेताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा।
पुलिस ने शिकायतों और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के बाद सुरेश राठौर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले में अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है और आगे और कानूनी कार्रवाई संभव है।
अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े कथित ऑडियो-वीडियो विवाद में भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। देहरादून पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए पूर्व विधायक को अदालत में पेश किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। साथ ही अदालत ने उनकी जमानत याचिका भी खारिज कर दी है।
मामले में पुलिस ने जांच के दौरान गंभीर धाराएं जोड़ते हुए एक्सटॉर्शन (जबरन वसूली) से संबंधित आरोप भी शामिल किए हैं, जिसके बाद यह मामला और अधिक चर्चाओं में आ गया है।
देहरादून पुलिस ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर को हरिद्वार जिले के बुग्गावाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने बताया कि यह कार्रवाई अंकिता भंडारी मामले से जुड़े कथित ऑडियो-वीडियो और सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री के संबंध में की गई है।

