नागनाथ पोखरी महाविद्यालय में क्विज प्रतियोगिता, शिवम पंत रहे अव्वल

नागनाथ पोखरी महाविद्यालय में क्विज प्रतियोगिता, शिवम पंत रहे अव्वल

नागनाथ पोखरी / नवक्रान्ति समाचार

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में दिनांक 13 अगस्त 2026 को “हर घर तिरंगा अभियान” के अंतर्गत हिमवन्त कवि चन्द्रकुँवर बर्त्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नागनाथ पोखरी, चमोली में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं संविधान के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विभिन्न संकायों एवं कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के भारतीय स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय ध्वज, भारतीय संविधान, महान स्वतंत्रता सेनानियों तथा देश के गौरवशाली इतिहास संबंधी ज्ञान का परीक्षण किया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ प्रतियोगिता में सहभागिता की।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ रीटा शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि, “हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और संविधान के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने का एक महत्वपूर्ण जन-अभियान है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में ज्ञानवर्धन, अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा तथा राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना का विकास करते हैं। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि जागरूक, जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक के रूप में भी तैयार करना है। मुझे प्रसन्नता है कि महाविद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर इस कार्यक्रम को सफल बनाया।”

कार्यक्रम के संयोजक, मुख्य शास्ता डॉ. शिवचंद सिंह रावत तथा सह-संयोजक डॉ. आयुष बर्त्वाल रहे। उनके कुशल निर्देशन एवं समन्वय में कार्यक्रम का सफल आयोजन संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. रेनू सनवाल, डॉ. रामानंद उनियाल एवं डॉ. अनुपम रावत ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी मूल्यांकन करते हुए अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शिवम पंत पुत्र संजय पंत (बी. ए. 5 सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान, आरुषि पुत्री रतन सिंह (बी. ए. 1 सेमेस्टर) एवं हिमानी पुत्री अनिल लाल (बी. ए. 5 सेमेस्टर) ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान तथा रामेश्वरी पुत्री  किशन लाल (बी. ए. 1 सेमेस्टर), हिमानी पुत्री देवेंद्र सिंह एवं इतीशा पुत्री  बलबीर सिंह (बी. ए. 3 सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को महाविद्यालय परिवार की ओर से हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी गईं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया तथा हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

अंत में आयोजकों द्वारा सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों, शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं उपस्थित छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।