श्रमिकों को राहत: पंजीकरण-नवीनीकरण के लिए जनपद में लागू हुई टोकन व्यवस्था

श्रमिकों को राहत: पंजीकरण-नवीनीकरण के लिए जनपद में लागू हुई टोकन व्यवस्था

रुद्रप्रयाग / नवक्रांति समाचार 

जनपद में श्रम विभाग द्वारा निर्माण कार्यों से जुड़े कारपेंटर,इलेक्ट्रिशियन मनरेगा ,सहित अन्य सभी प्रकार के श्रमिकों के पंजीकरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। श्रमिकों को पंजीकरण कराने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभाग की ओर से विभिन्न स्तरों पर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

 

जिला श्रम प्रवर्तन अधिकारी अनिल कुमार पुरोहित ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिक अपना नया पंजीकरण कराने के साथ ही पूर्व में किए गए पंजीकरण का नवीनीकरण भी आसानी से करा सकते हैं। इसके लिए जनपद के तीनों विकासखंडों में दो-दो सीएससी सेंटरों पर पंजीकरण एवं नवीनीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने बताया कि श्रमिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जनपद में टोकन व्यवस्था भी लागू की गई है, ताकि पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान श्रमिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अतिरिक्त श्रमिक मोबाइल के माध्यम से भी अपना पंजीकरण एवं नवीनीकरण कर सकते हैं।
जिला श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने निर्माण कार्यों से जुड़े सभी पात्र श्रमिकों से अपील की है कि वे समय पर अपना पंजीकरण एवं नवीनीकरण करवाकर श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।