बसुकेदार में यूकेडी ने उठाई जनसमस्याओं की आवाज, दूसरे दिन भी धरना जारी
रुद्रप्रयाग /नवक्रान्ति समाचार
बसुकेदार तहसील क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उत्तराखण्ड क्रांति दल के नेतृत्व में चल रहा क्रमिक धरना आज दूसरे दिन भी जारी रहा।
धरने में डॉ. आशुतोष भण्डारी, जगमोहन झिंकवाण, विक्रम फरस्वाण, मनोज वैष्णव, अर्जुन कंडारी, अजीत भण्डारी, रवि राणा, प्रदीप बिष्ट एवं हरिभजन भण्डारी सहित क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।
धरने के माध्यम से प्रमुख रूप से स्थायी तहसील भवन का निर्माण, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय भवन, आपदा प्रभावित गांवों को राहत, तथा लंबे समय से लंबित हाट-बस्ती मोटर पुल के निर्माण सहित क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
डॉ. आशुतोष भण्डारी ने कहा कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर लगातार आश्वासन दिए जाते रहे हैं, लेकिन धरातल पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। अब क्षेत्र की जनता केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहती है।
उन्होंने कहा कि मांगों के समाधान के लिए क्रमिक धरना लगातार जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

