टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गांवों में लग रहे स्क्रीनिंग कैंप, 30 सितंबर तक चलेगा अभियान

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गांवों में लग रहे स्क्रीनिंग कैंप, 30 सितंबर तक चलेगा अभियान

रुद्रप्रयाग /नवक्रान्ति समाचार

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जनपद में टीबी की जांच के लिए गांव-गांव एक्स-रे स्क्रीनिंग कैंप लगाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस सप्ताह आयोजित स्क्रीनिंग कैंप में 384 लोगों की एक्स-रे जांच की गई। जांच के दौरान टीबी के लक्षण पाए जाने पर 34 लोगों के बलगम के नमूने भी लिए गए हैं।

 

 

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में इस सप्ताह जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किए गए। जगतोली में 157 लोगों की एक्स-रे स्क्रीनिंग की गई तथा 21 लोगों के बलगम जांच के लिए नमूने लिए गए। अगस्त्यमुनि ब्लॉक के ग्राम भौंसाल में दो दिवसीय कैंप में 63 लोगों की एक्स-रे स्क्रीनिंग की गई और पांच लोगों के बलगम नमूने लिए गए। इसी तरह डोभा में आयोजित कैंप में 27 लोगों की एक्स-रे स्क्रीनिंग तथा दो लोगों के बलगम जांच के लिए नमूने लिए गए। जखोली ब्लॉक के त्यूंखर में 55 लोगों की एक्स-रे स्क्रीनिंग की गई और दो लोगों के बलगम नमूने लिए गए।

 

 

शुक्रवार को अगस्त्यमुनि ब्लाक के रूमसी व जखोली ब्लाक के त्यूंखर में दूसरे दिन टीबी स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया, रूमसी में 30 की एक्स-रे स्क्रीनिंग व 03 लोगों के बलगम जांच के नमूने लिए गए, वहीं, त्यूंखर में दूसरे दिन 52 की एक्स-रे स्क्रीनिंग व बलगम जांच का 01 नमूना लिया गया।

 

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. पारूल गोयल ने बताया कि 26 से 30 सितंबर तक टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग कैंप का रोस्टर निर्धारित किया गया है, जिसके तहत अगस्त्यमुनि ब्लॉक की एनटीईपी टीम द्वारा 26 सितंबर को चमेली में, 28 सितंबर को अमोठा में, 29 सितंबर को लोली और 30 सितंबर को पाबौ में टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग कैंप लगाया जाएगा। वहीं, जखोली ब्लॉक की एनटीईपी टीम द्वारा 26 सितंबर को को कोटी महरगांवा में कैंप आयोजित करेंगी। उन्होंने ग्रामीणों से निर्धारित तिथियों पर आयोजित होने वाले कैंप में पहुंचकर टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग कराने की अपील की है।

 

अगस्त्यमुनि ब्लाक की टीम में सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर हरीश चौधरी, डीपीएस सुनील राणा, एसटीएस सुमन रावत, जखोली टीम में एसटीएस मुकेश जोशी, एक्स-रे टैक्नीशियन नितिन आदि शामिल रहे।