धारकोट और सौंड़ा भरदार में महिला किसान दिवस, कृषि योजनाओं और नई तकनीकों की दी जानकारी
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
अंतरराष्ट्रीय महिला वर्ष 2026 के अंतर्गत आज दिनांक 15 अक्टूबर, 2026 को जनपद रुद्रप्रयाग में विभिन्न स्थानों पर महिला किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिला किसानों को कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने, उनकी तकनीकी क्षमता बढ़ाने तथा उनकी आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कृषि विज्ञान केंद्र जाखधार में महिला समूह की सदस्यों के क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत प्राकृतिक एवं जैविक खेती की विधियों, पौष्टिक अनाजों के उत्पादन तथा उनके मूल्य संवर्धन के संबंध में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। साथ ही सब्जी एवं फल उत्पादन तथा फल-सब्जियों के संरक्षण की विधियों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. निकिता एवं डॉ. सचान द्वारा बेकरी उत्पादों में मंडुवे के उपयोग तथा मंडुवे के बिस्कुट, फलों के जूस एवं अचार बनाने की विधियों की जानकारी दी गई। इन गतिविधियों के माध्यम से महिला समूहों की सदस्यों को स्वरोजगार अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए प्रेरित किया गया।
विकासखंड स्तर पर न्याय पंचायतों में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत न्याय पंचायत पीपली के ग्राम धारकोट तथा न्याय पंचायत सौंराखाल के ग्राम सौंड़ा भरदार में भी महिला किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों की अध्यक्षता संबंधित महिला ग्राम प्रधानों द्वारा की गई। इस अवसर पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने किसानों को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा कृषि कार्यों में आधुनिक एवं तकनीकी विधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया, जिससे किसान अपनी कृषि गतिविधियों को अधिक लाभकारी बना सकें।
कार्यक्रम में कृषि विभाग से डॉ. चयन पंत, सहायक डेयरी निदेशक डॉ. भूपेंद्र बिष्ट, उद्यान विभाग से सुमन सैनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रगतिशील महिला किसानों के योगदान की सराहना करते हुए उद्यान विभाग की ओर से 30 प्रगतिशील महिला किसानों को सम्मानित किया गया।
महिला किसान दिवस के माध्यम से महिला किसानों को कृषि एवं उद्यानिकी के क्षेत्र में नई तकनीकों, मूल्य संवर्धन तथा स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बनकर जनपद के कृषि विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

