रुद्रप्रयाग में सटीक जनगणना के लिए फील्ड ट्रेनर्स को दिया जा रहा प्रशिक्षण, 16 अक्टूबर तक चलेगा कार्यक्रम
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए तहसील सभागार रुद्रप्रयाग में 14 अक्टूबर से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। यह प्रशिक्षण 16 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 16 फील्ड ट्रेनर्स को जनसंख्या गणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ट्रेनर्स को गणना की प्रक्रिया, संबंधित दिशा-निर्देशों और कार्यों के प्रभावी एवं व्यवस्थित क्रियान्वयन के बारे में जानकारी दी जा रही है, ताकि आगामी जनगणना कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा कराया जा सके।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर सुशील चंद्र चमोली, जिला सेवायोजन अधिकारी रुद्रप्रयाग, जनगणना निदेशालय से नितेश रावत, मास्टर ट्रेनर जगदीश सिंह नेगी, तहसीलदार रुद्रप्रयाग, गणेश भटगाई, रजिस्टर कानूनगो, सूर्य प्रकाश, एलआरसी जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग तथा विपिन शाह, तहसील रुद्रप्रयाग सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य फील्ड ट्रेनर्स को जनसंख्या गणना के लिए जरूरी तकनीकी और व्यावहारिक जानकारी में दक्ष बनाना है, जिससे जनगणना-2027 का कार्य सटीकता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संपन्न हो सके।

