सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों को मिला कैरियर मार्गदर्शन, भविष्य के लक्ष्य तय करने के लिए किया प्रेरित
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज कंडाली में छात्र-छात्राओं के लिए कैरियर मार्गदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जखोली उप वन प्रभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. दिवाकर पंत की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 50 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विभिन्न रोजगारपरक अवसरों, कैरियर के विकल्पों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों के कैरियर संबंधी प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया गया और उन्हें अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप भविष्य के लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया गया।
डॉ. दिवाकर पंत ने बताया कि यह कार्यक्रम जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में आयोजित किया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को कैरियर चयन एवं रोजगार की संभावनाओं के प्रति जागरूक कर उन्हें उचित मार्गदर्शन प्रदान करना है।
कार्यक्रम के दौरान वन्यजीव सुरक्षा तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम एवं न्यूनीकरण के उपायों पर भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता बरतने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा वन्यजीवों से सामना होने पर सतर्कता बरतने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय भवन, शौचालय एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप सिंह बिष्ट ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को कैरियर संबंधी जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं वन विभाग के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

