जखोली महाविद्यालय में संविधान दिवस पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम, निःशुल्क कानूनी सहायता हेल्पलाइन 15100 की दी जानकारी

जखोली महाविद्यालय में संविधान दिवस पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम, निःशुल्क कानूनी सहायता हेल्पलाइन 15100 की दी जानकारी

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशन एवं माननीय अध्यक्ष महोदया, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जनपद न्यायाधीश, रुद्रप्रयाग श्रीमती नीना अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा सचिव महोदया, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग श्रीमती पायल सिंह की अध्यक्षता में दिनांक 26 नवम्बर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय, जखोली में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान के निर्माण, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, कानून का सम्मान करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने संवैधानिक कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर सचिव महोदया श्रीमती पायल सिंह ने अपने संबोधन में भारतीय संविधान के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है तथा प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, स्वतंत्रता एवं समानता का संरक्षक है। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्य भी प्रत्येक नागरिक को उसकी सामाजिक एवं राष्ट्रीय जिम्मेदारियों का बोध कराते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के आदर्शों को आत्मसात करने तथा अपने दैनिक जीवन में उनका पालन करने का आह्वान किया।

संविधान दिवस के अवसर पर सचिव महोदया द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं, महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं अन्य उपस्थित लोगों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया गया। इसके उपरांत सभी उपस्थित लोगों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के आदर्शों के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों का पालन करने की शपथ ली।

कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवकों (PLVs) द्वारा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों एवं इसे रोकने के प्रति जन-जागरूकता लाने के उद्देश्य से एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देते हुए सभी से इस कुप्रथा को रोकने तथा बच्चों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका, पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की टोल फ्री विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।