पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में कृषि करियर पर विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन, प्रगतिशील किसान ने साझा किए अनुभव

पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में कृषि करियर पर विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन, प्रगतिशील किसान ने साझा किए अनुभव

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं से परिचित कराने तथा कृषि शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज पीएम राजकीय इंटर कॉलेज में कृषि क्षेत्र (Agriculture Sector) विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान (Expert Talk) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं लगभग 150 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य कृषि अधिकारी, रुद्रप्रयाग  लोकेन्द्र बिष्ट उपस्थित रहे। विषय विशेषज्ञ के रूप में मृदा विज्ञान विशेषज्ञ एवं सहायक कृषि अधिकारी डॉ. चयन पंत ने विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र की विभिन्न विधाओं एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर ग्राम बरसू के प्रगतिशील कृषक श्री विजय सेमवाल को भी आमंत्रित किया गया था।

मुख्य कृषि अधिकारी लोकेन्द्र बिष्ट ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि केवल परंपरागत खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विज्ञान, तकनीक, उद्यमिता एवं रोजगार के व्यापक अवसरों वाला एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। उन्होंने विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं के बाद कृषि क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने तथा इस क्षेत्र में अपना करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उत्तराखंड में उपलब्ध कृषि शिक्षा के प्रमुख संस्थानों, जैसे गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर तथा भरसार स्थित उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के संबंध में भी जानकारी दी।

विषय विशेषज्ञ डॉ. चयन पंत द्वारा विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र के विभिन्न उपक्षेत्रों के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्होंने कृषि विज्ञान, मृदा विज्ञान, उद्यानिकी, डेयरी विकास, मत्स्य पालन, मधुमक्खी पालन (एपीकल्चर), पुष्प उत्पादन (फ्लोरीकल्चर) सहित अन्य कृषि आधारित गतिविधियों में शिक्षा, रोजगार एवं उद्यमिता की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र में तकनीकी ज्ञान एवं नवाचार के माध्यम से युवा स्वरोजगार अपनाकर भी अपनी आजीविका का बेहतर साधन विकसित कर सकते हैं।

कार्यक्रम में आमंत्रित प्रगतिशील कृषक विजय सेमवाल ने अपने कृषि अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने अपने खेतों में उत्पादित विभिन्न कृषि एवं बागवानी उत्पादों जैसे बीन, माल्टा, नींबू, मूली तथा लगभग 6.5 किलोग्राम वजन की विशाल अरबी का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से 6.5 किलोग्राम की अरबी विद्यार्थियों के बीच आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय जलवायु एवं उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप विविध फसलों एवं बागवानी उत्पादों का उत्पादन कर अच्छी संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव, आधुनिक तकनीकों, उच्च शिक्षा के विकल्पों तथा कृषि आधारित उद्यम स्थापित करने के अवसरों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को कृषि को एक सम्मानजनक, संभावनाओं से परिपूर्ण एवं भविष्य उन्मुख करियर विकल्प के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कृषि के प्रति रुचि विकसित करना तथा उन्हें कृषि एवं इससे जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में उच्च शिक्षा, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से परिचित कराना रहा।