‘सशक्त बहना उत्सव’ में रुद्रप्रयाग की महिला समूह की उपलब्धि, सीएम धामी ने ऑनलाइन किया संवाद

‘सशक्त बहना उत्सव’ में रुद्रप्रयाग की महिला समूह की उपलब्धि, सीएम धामी ने ऑनलाइन किया संवाद

रुद्रप्रयाग / नवक्रांति समाचार 

देहरादून में मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थापित स्टॉलों के शुभारंभ, अवलोकन एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम्य विकास मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी रुद्रप्रयाग से ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद रुद्रप्रयाग के जवाड़ी गांव स्थित हिमात्री स्वयं सहायता समूह से जुड़ी गुड्डी देवी से ऑनलाइन संवाद किया। मुख्यमंत्री ने समूह द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों की जानकारी लेते हुए महिलाओं के स्वरोजगार और आजीविका के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

गुड्डी देवी ने मुख्यमंत्री को बताया कि रक्षा बंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए हिमात्री स्वयं सहायता समूह की महिलाएं आकर्षक राखियों का निर्माण कर रही हैं। इन राखियों को स्थानीय बाजार में विक्रय कर समूह की महिलाएं आय अर्जित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि समूह के माध्यम से उन्हें घर के आसपास ही रोजगार का अवसर मिल रहा है, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री से संवाद के अनुभव को साझा करते हुए गुड्डी देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी से सीधे बातचीत करना उनके लिए बेहद खुशी और गर्व का क्षण रहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा समूह के कार्यों की जानकारी लेना और महिलाओं को प्रोत्साहित करना उनके लिए बेहद प्रेरणादायक है।

इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह से जुड़ी मोनिका कपरवाण एवं लीला देवी भी मौजूद रहीं।