पूर्व सैनिकों के सम्मान एवं कल्याण से जुड़े विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी कार्रवाई : विशाल मिश्रा

पूर्व सैनिकों के सम्मान एवं कल्याण से जुड़े विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी कार्रवाई : विशाल मिश्रा

रुद्रप्रयाग / नवक्रांति समाचार

 जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार को जिला सैनिक कल्याण परिषद की बैठक जिला कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनपद के पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं, मांगों एवं सुझावों पर विस्तृत चर्चा करते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में पूर्व सैनिकों द्वारा कैंटीन व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने हेतु विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए गए। पूर्व सैनिकों ने यूनिट एसओपी के अनुरूप कैंटीन परिसर में पूर्व सैनिकों हेतु आवश्यक सूचनाओं को सूचना पट्ट पर अंकित करने की मांग की। साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु के पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के लिए कैंटीन टोकन वितरण की व्यवस्था गेट के भीतर किए जाने तथा उन्हें प्राथमिकता प्रदान करने का अनुरोध किया गया। उनकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए भिन्न रंग के टोकन जारी करने का सुझाव भी रखा गया।

बैठक में कैंटीन परिसर में पार्किंग व्यवस्था विकसित करने, ग्रोसरी एवं लिकर संबंधी सुविधाओं में सुधार तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की मांग भी की गई। पूर्व सैनिकों ने ईसीएचएस, रुद्रप्रयाग में चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे मशीन की व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता भी प्रमुखता से उठाई।

इसके अतिरिक्त पूर्व सैनिक संगठन की नियमित बैठकों एवं कार्यक्रमों के संचालन हेतु पृथक बैठक हॉल निर्माण की मांग रखी गई। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जब तक नवीन बैठक हॉल का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक जिला पंचायत सभागार को पूर्व सैनिकों की बैठकों के लिए उपलब्ध कराया जाए।

बैठक के दौरान गुलाबराय मैदान स्थित शहीद स्मारक के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण का विषय भी उठाया गया।

पूर्व सैनिकों द्वारा नगर क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या के निराकरण की मांग भी की गई। साथ ही आशा, आंगनबाड़ी, ग्राम प्रहरी एवं वन प्रहरी जैसे विभिन्न पदों पर पूर्व सैनिकों को वरीयता प्रदान करने का अनुरोध भी रखा गया।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी मांगों एवं सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि जनपद स्तर पर समाधान योग्य विषयों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा शासन स्तर से संबंधित विषयों के प्रस्ताव शासन को प्रेषित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों ने राष्ट्र सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और उनके सम्मान, सुविधा एवं कल्याण से जुड़े विषयों पर प्रशासन संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा।

कैंटीन से संबंधित विषयों पर 8 सिख लाइट इन्फैंट्री रेजीमेंट के मेजर ओमवीर सिंह ने पूर्व सैनिकों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर प्रचलित नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा कैंटीन व्यवस्थाओं में सुधार हेतु सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।

बैठक में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य शीला रावत,सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी ए.एस.बिष्ट, प्र.मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ विनोद भास्कर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।