श्री केदारनाथ धाम में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब, पहले सप्ताह में ही 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन

श्री केदारनाथ धाम में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब, पहले सप्ताह में ही 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 इस वर्ष आस्था, उत्साह और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। 22 अप्रैल 2026 को कपाट खुलने के साथ ही देश-विदेश से श्रद्धालुओं का जनसैलाब बाबा के धाम में उमड़ पड़ा है। यात्रा प्रारंभ होने के सातवें दिन, मंगलवार को 21,134 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए जिससे एक सप्ताह में बाबा केदारनाथ के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 2,07,452 तक पहुंच गई। यात्रा के प्रथम सप्ताह में ही दो लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं, जो न केवल आस्था की प्रबलता को दर्शाता है, बल्कि प्रशासन द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं का भी प्रमाण है।

जिला प्रशासन द्वारा यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए बहुआयामी तैयारियां की गई हैं। शासन के निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग ने यात्रा प्रारंभ होने से कई माह पूर्व ही कार्ययोजना तैयार कर विभिन्न विभागों और हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए व्यवस्थाओं को धरातल पर उतारा है।

राष्ट्रीय राजमार्ग और यात्रा मार्ग पर विशेष फोकस

यात्रा मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक मरम्मत कार्य, सड़क पेचवर्क, झाड़ी कटान, साइनेज, क्रैश बैरियर और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए गए हैं। प्रदेश के मा० मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा भी स्वयं रुद्रप्रयाग पहुंचकर ग्राउंड जीरो पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा चुका है तथा रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक राष्ट्रीय राजमार्ग-107 का स्थलीय जायजा लिया गया था।