घस्तौली-घमसाली ट्रेक पर पहुंची सेना, एनसीसी कैडेट्स को NDA और सैन्य करियर के बारे में बताया

घस्तौली-घमसाली ट्रेक पर पहुंची सेना, एनसीसी कैडेट्स को NDA और सैन्य करियर के बारे में बताया

रुद्रप्रयाग /नवक्रान्ति समाचार 

1/3 गोरखा राइफल्स (1/3 GR) की ओर से घस्तौली से घमसाली तक हाई एल्टीट्यूड ट्रेकिंग एक्सपीडिशन का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान सैन्य अधिकारियों ने पर्वतीय क्षेत्र में ट्रेकिंग के साथ ही युवाओं को भारतीय सेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।

अभियान में ग्रुप कमांडर मोहित, डॉ. कैप्टन यशवंत, नायक सुधर बहादुर और नायक प्रेम बहादुर शामिल रहे। ट्रेकिंग के दौरान सैन्य दल ने विद्या मंदिर पहुंचकर एनसीसी कैडेट्स से संवाद किया। ग्रुप कमांडर मोहित ने विद्यार्थियों को सेना में करियर के विभिन्न अवसरों की जानकारी देते हुए 12वीं के बाद एनडीए के माध्यम से अधिकारी बनने की प्रक्रिया के बारे में बताया।

उन्होंने एनडीए परीक्षा की तैयारी, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और नियमित मेहनत के महत्व पर जोर दिया। सैन्य अधिकारियों ने कैडेट्स को पढ़ाई के साथ शारीरिक रूप से फिट रहने और सेना में जाने के लक्ष्य के लिए अभी से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सेना में भर्ती और अधिकारी बनने से संबंधित सवाल भी पूछे, जिनका सैन्य अधिकारियों ने जवाब दिया।

अभियान के समापन के बाद आर्मी कैंट रुद्रप्रयाग में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान वीर नारियों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। सैन्य अधिकारियों ने देश की सेवा में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

हाई एल्टीट्यूड ट्रेकिंग अभियान के माध्यम से युवाओं को पर्वतीय परिस्थितियों में साहस, अनुशासन, शारीरिक क्षमता और टीम भावना का अनुभव कराने के साथ भारतीय सेना में उपलब्ध करियर के अवसरों से भी परिचित कराया गया।