सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था पर सीडीओ सख्त, भैंसगांव में सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के अंतर्गत सार्वजनिक सुविधाओं में साफ-सफाई, सुचारू संचालन एवं निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों द्वारा विभिन्न स्थलों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 16 अक्टूबर, 2026 को देर शाम मुख्य विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग राजेंद्र सिंह रावत ने रुद्रप्रयाग-तिलवाड़ा मार्ग पर स्थित नगर पालिका रुद्रप्रयाग के सार्वजनिक शौचालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शौचालय में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
इसके उपरांत राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम पंचायत भैंसगांव में पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान शौचालय में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई तथा मौके पर कोई कर्मचारी भी उपस्थित नहीं मिला।
मुख्य विकास अधिकारी ने इस स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी को संबंधित सामुदायिक शौचालय में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने तथा नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक सुविधाओं के रखरखाव में लापरवाही न बरतने और आमजन को स्वच्छ एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

