राजकीय विद्यालयों में 7 सितंबर को दक्षता आंकलन, कमजोर छात्रों की पढ़ाई पर रहेगा विशेष फोकस

राजकीय विद्यालयों में 7 सितंबर को दक्षता आंकलन, कमजोर छात्रों की पढ़ाई पर रहेगा विशेष फोकस

 रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

जनपद के राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की वास्तविक अधिगम स्थिति परखने के लिए शासन के निर्देश पर दक्षता आधारित आंकलन कराया जाएगा।

मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले चरण में 7 सितंबर को जनपद भर के सभी राजकीय विद्यालयों में कक्षा 2, कक्षा 5 और कक्षा 8 में अध्ययनरत विद्यार्थियों का आंकलन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कक्षा 2 में हिन्दी एवं गणित, कक्षा 5 में हिन्दी, गणित एवं पर्यावरण तथा कक्षा 8 में हिन्दी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विषय का आंकलन होगा। आंकलन के बाद विद्यार्थियों के प्रदर्शन का कक्षावार व दक्षतावार विश्लेषण किया जाएगा। अपेक्षा से कम प्रदर्शन करने वाले नौनिहालों के लिए सुधारात्मक शिक्षण की प्लानिंग बनाई जाएगी।

सीईओ ने बताया कि दक्षता आधारित आंकलन के प्रश्नपत्र जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान रतूड़ा से उपलब्ध कराए जाएंगे, जिन्हें अनिवार्य रूप से 6 सितंबर तक सभी राजकीय विद्यालयों में पहुंचाना होगा। प्रथम आंकलन के बाद 28 सितंबर को मध्यावधि आंकलन किया जाएगा।

उन्होंने सभी खंड एवं उप शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों के शत-प्रतिशत छात्रों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए विद्यालय प्रार्थना सभा में प्रतिदिन छात्र-छात्राओं को जागरूक किया जाए और अभिभावकों व विद्यालय प्रबंधन समितियों को भी जानकारी दी जाए।

मध्यावधि समीक्षा के बाद कमजोर दक्षता वाले विद्यालयों में सहयोग के लिए बीआरपी/सीआरपी, डायट फैकल्टी तथा शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत एनजीओ को लगाया जाएगा।

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। अगस्त्यमुनि के लिए डीओ माध्यमिक श्रीमती सोनी महरा, ऊखीमठ के लिए खंड शिक्षा अधिकारी यशवीर रावत और जखोली के लिए उप शिक्षा अधिकारी तनुजा देवराड़ी को जिम्मेदारी दी गई है। उनके सहयोग के लिए बीआरपी/सीआरपी लगाए गए हैं। प्रत्येक तीन न्याय पंचायतों पर एक मेंटर तैनात रहेगा। डायट प्राचार्य, मुख्य शिक्षा अधिकारी और एससीईआरटी से नामित अधिकारी पूरे आंकलन का अनुश्रवण करेंगे।