गुप्तकाशी : ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम में 30 शिकायतों में से 26 का मौके पर निस्तारण
आधार शिविर की मांग
गुप्तकाशी / रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
नगर पंचायत सभागार में गुरुवार को ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जन संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष विशेश्वरी देवी ने की।
इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 30 शिकायतें दर्ज कराईं। अधिशासी अधिकारी भारत भूषण पंवार ने बताया कि इनमें से 26 शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष 4 शिकायतें निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेज दी गई हैं।
जन संवाद के दौरान नागरिकों ने माह में एक दिन स्थानीय स्तर पर आधार कार्ड बनाने हेतु आधार शिविर लगाने की मांग रखी। साथ ही राशन कार्ड न बनने, केवाईसी में आ रही बाधाओं और अन्य समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया।
अध्यक्ष श्रीमती विशेश्वरी देवी ने सभी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेकर त्वरित निराकरण करें।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणेश तिवारी, वार्ड सदस्य गौरव रावत, शहरी विकास विभाग से हिमांशु बहुगुणा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

