सेवा संकल्प अभियान के तहत दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं, मक्कू-जागतोली में हुए शिविर

सेवा संकल्प अभियान के तहत दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं, मक्कू-जागतोली में हुए शिविर

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सौजन्य से सोमवार को मक्कू में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर व जागतोली में निःशुल्क टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किए गए। इन शिविरों में 180 के नेत्रों की जांच व 157 की टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग व 212 लोगों की एचआईवी/एड्स काउंसलिंग की गईं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. पारूल गोयल ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिसके क्रम में जागतोली में चल रहे जागतोली महोत्सव में मेलास्थल पर टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें 157 लोगों की एक्स-रे स्क्रीनिंग की गई। साथ ही 18 लोगों की बलगम जांच नमूने लिए गए। इस मौके पर 212 लोगों की एचआईवी एड्स काउंसलिंग भी की गई।

वहीं, राजकीय इंटर कॉलेज मक्कू में निर्मल आश्रम नेत्र संस्थान के सहयोग से निःशुल्क नेत्र शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 180 के नेत्रों की जांच की गई व 14 को चश्में बांटे गए। वहीं 06 बच्चों को बेस चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया।
स्वास्थ्य शिविरों में मेडिकल टीम द्वारा लाभार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए माननीय प्रधानमंत्री जी के स्वस्थ भारत के संकल्प की जानकारी दी। उन्होंने लोगों को निरोगी एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया व नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग में डाॅ. अंजली ममगांई, फार्मेसिस्ट बिजेंद्र गुसाईं, डाट्स प्लस सुपरवाइजर सुनील राणा, सीनियर टीबी लैब सुपरवाइजर हरीश चौधरी, सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर सुमन रावत व नेत्र शिविर में गौरव नौटियाल, दृष्टिमितिज्ञ कुलेंद्र रावत, आर्यन, अमन सरियाल, सुखवीर सिंह आदि मौजूद रहे।