प्रतियोगी परीक्षाओं से लेकर रक्षा सेवाओं तक की जानकारी, चार स्कूलों में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में जनपद के विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में कैरियर काउंसलिंग, जागरूकता एवं निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं
इसी के तहत प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी सोनी मेहरा ने राजकीय इंटर कॉलेज मणिपुर का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद कर कैरियर काउंसलिंग, तकनीकी क्षेत्र, रक्षा सेवाओं और उच्च शिक्षा के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया और उन्हें अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में वन क्षेत्राधिकारी रुद्रप्रयाग संजय कुमार द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज लदोली में छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी दी और उसकी तैयारी कैसे की जाए, इस बारे में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि इस दौरान कार्यक्रम में 86 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
ग्रामीण निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अरुण कुमार गुसाईं ने राजकीय इंटर कॉलेज जयंती कोठियाड़ा में तथा होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोहन सिंह बुटोला ने राजकीय इंटर कॉलेज बाड़ा में विद्यालय प्रबंधन के साथ कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों में विद्यालय परिसर में सफाई, वृक्षारोपण, कैरियर काउंसलिंग तथा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉ. बुटोला द्वारा छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क औषधि का वितरण भी किया गया।

