रुद्रप्रयाग में कबाड़ कारोबारियों को पुलिस की सख्त हिदायत, संदिग्ध सामान की खरीद पर रोक
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
जिला मुख्यालय में कबाड़ (स्क्रैप) का व्यवसाय करने वाले व्यक्तियों के साथ कोतवाली पुलिस द्वारा एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान प्रभारी निरीक्षक रुद्रप्रयाग मुकेश चौहान ने सभी व्यवसायियों को नियमों के दायरे में रहकर कार्य करने और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में शामिल न होने के कड़े निर्देश दिए।
प्रमुख बिंदु एवं निर्देश:
* कड़ी कार्यवाही का ब्यौरा – हाल के दिनों में घटित चोरी की घटनाओं में चोरी का माल खरीदने और आपराधिक संलिप्तता पाए जाने पर 3 कबाड़ियों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही करते हुए उन्हें जेल भेजा जा चुका है।
* वैध व्यवसाय की हिदायत – व्यवसायियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमनुसार केवल अपना जायज कारोबार करें तथा किसी भी अवैध गतिविधि से दूर रहें।
* संदिग्ध सामग्री की खरीद पर रोक – बिना पहचान/सत्यापन या संदेहास्पद स्थिति में कोई भी सरकारी अथवा निजी सामग्री, पानी की मोटरें, बिजली व टेलीफोन के तारों के बंडल, लोहे के गार्डर, काॅपर प्लेट्स, पुराने वाहन आदि खरीदने से पूरी तरह परहेज करने को कहा गया है।
* पुलिस को दें तत्काल सूचना – यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में कबाड़ या सामान बेचने आता है, तो उसकी जानकारी तुरन्त स्थानीय पुलिस को दें।
> चेतावनी: यदि भविष्य में कोई भी कबाड़ व्यवसायी चोरी की सामग्री खरीदते हुए या किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ सम्बन्धित धाराओं में कठोरतम कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

