जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ जनसंवाद कार्यक्रम,26 शिकायतें दर्ज, 11 का मौके पर निस्तारण

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ जनसंवाद कार्यक्रम,26 शिकायतें दर्ज, 11 का मौके पर निस्तारण

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय सभागार में आम जनमानस की समस्याओं को सुनने तथा उनके त्वरित निराकरण हेतु जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों के संबंध में अवगत कराया।

जनता मिलन कार्यक्रम में अलग-अलग विभागों से संबंधित कुल 26 शिकायतें दर्ज की गई, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों को आवश्यक कार्यवाही एवं निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त होने वाली शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जन संवाद कार्यक्रम के दौरान सदस्य जिला पंचायत सारी वार्ड जयवर्धन कांडपाल ने कोटखाल-जागतोली मोटर मार्ग निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर करने के साथ ही विभागीय अधिकारियों द्वारा कार्य में तेजी न लाने संबंधी समस्या से अवगत कराया। गौंडार प्रधान अनूप पंवार ने द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर में सीसीटीवी सोलर प्लांट लगाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की। तुनेटा की प्रधान ललिता देवी ने थापला-तुनेटा की क्षतिग्रस्त सिंचाई गूल के मरम्मत करने संबंधी समस्या से अवगत कराया। कमसाल निवासी हर्षवर्धन ने शिकायत दर्ज करते हुए कहा कि काफी समय बीत जाने के बावजूद उनका जाॅब कार्ड नहीं बन पाया है। बणखिल निवासी यशवंत सिंह ने गांव के अंतर्गत ऊफरांई देवी मंदिर में लाइट लगाने की मांग की। ताल जामण की रजनी देवी ने शिकायत दर्ज करते हुए कहा कि बीते वर्ष आपदा से उनका आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हो गया था जिसका अभी तक मुआवजा नहीं मिल पाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास के तहत आवास उपलब्ध कराने विषयक प्रार्थना-पत्र दिया। जगोठ गांव की दुर्गा देवी ने बताया कि उनके आवासीय भवन को बरसात के समय नजदीकी गदेरे से खतरा बना है जिसके लिए उन्होंने निरीक्षण करवाते हुए सुरक्षा दीवार लगाए जाने तथा अपर बाजार निवासी गणेशी देवी ने उनके आवासीय भवन के समीप से विद्युत तारों को अन्यत्र लगाने की मांग की। हरीश लाल ने बरसात व बाजार का गंदा पानी उनकी दुकान व भवन में आने की समस्या से अवगत कराया।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए और शिकायतों के निस्तारण की जानकारी जिला कार्यालय के साथ-साथ संबंधित शिकायतकर्ता को भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए।

जनता मिलन कार्यक्रम के अवसर पर सीएम हेल्पलाइन पोर्टल में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान एल-1 पर 167 जबकि एल-2 पर 59 शिकायत निस्तारण हेतु लंबित हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का भी त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, उप जिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रुद्रप्रयाग इंद्रजीत बोस, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ विनोद कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं आम जनमानस उपस्थित रहे।