रुद्रप्रयाग में किडनी मरीजों को राहत, जिला अस्पताल में मिल रही निःशुल्क डायलिसिस सेवा
रुद्रप्रयाग /नवक्रान्ति समाचार
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में जनपद रुद्रप्रयाग में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में वर्ष 2022 से डायलिसिस यूनिट का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। यूनिट के माध्यम से किडनी संबंधी गंभीर रोगों से जूझ रहे मरीजों को जनपद स्तर पर ही डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला अस्पताल में स्थापित डायलिसिस यूनिट में मरीजों के लिए 5 बेड की सुविधा उपलब्ध है। यूनिट के सुचारु संचालन के लिए एक चिकित्सक, तीन टेक्नीशियन एवं दो वार्ड बॉय तैनात हैं, जो मरीजों को नियमित एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
डायलिसिस यूनिट की सबसे महत्वपूर्ण सुविधा यह है कि आयुष्मान कार्डधारक मरीजों के लिए डायलिसिस पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही डायलिसिस कराने वाले मरीजों की आवश्यक पैथोलॉजी जांच भी निःशुल्क की जा रही है। इससे किडनी रोग से पीड़ित मरीजों एवं उनके परिजनों को उपचार के लिए अन्य जनपदों में जाने की आवश्यकता नही पड़ रही है और उन्हें अपने ही जनपद में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो रही है।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेन्द्र कुमार द्विवेदी ने बताया कि जिला अस्पताल में संचालित डायलिसिस यूनिट सुचारु रूप से कार्य कर रही है। यूनिट के माध्यम से किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक उपचार की सुविधा मिल रही है, जिससे मरीजों एवं उनके परिजनों को काफी राहत मिल रही है।

