क्यूंजा गांव में ग्रामीणों से रूबरू होंगे प्रशिक्षु अधिकारी, विकास की संभावनाओं का करेंगे अध्ययन

क्यूंजा गांव में ग्रामीणों से रूबरू होंगे प्रशिक्षु अधिकारी, विकास की संभावनाओं का करेंगे अध्ययन

रुद्रप्रयाग /नवक्रान्ति समाचार

उत्तराखंड प्रशासन अकादमी, नैनीताल के प्रशिक्षु अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखंड अगस्त्यमुनि स्थित क्यूंजा गांव में ग्राम दर्शन कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षु अधिकारियों को क्षेत्रीय प्रशासन, सहभागी शासन एवं जन-केंद्रित विकास की व्यावहारिक समझ प्रदान करना है।

ग्राम दर्शन कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु अधिकारी क्यूंजा गांव की विकासात्मक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति का प्रत्यक्ष अध्ययन करेंगे। इस दौरान गांव की जनसंख्या, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कृषि, आधारभूत सुविधाओं, सरकारी योजनाओं की पहुंच, स्थानीय संसाधनों तथा प्रमुख समस्याओं से संबंधित आवश्यक आंकड़े एकत्र किए जाएंगे। एकत्रित आंकड़ों एवं स्थानीय स्तर से प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रशिक्षु अधिकारियों द्वारा सूक्ष्म ग्राम विकास रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षु अधिकारी सर्वप्रथम जिलाधिकारी विशाल मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत से भेंट कर जनपद की विकासात्मक प्राथमिकताओं, प्रशासनिक व्यवस्था तथा ग्राम स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे। इसके पश्चात क्यूंजा गांव पहुंचकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से संवाद करेंगे और क्षेत्र की जमीनी आवश्यकताओं, चुनौतियों तथा विकास की संभावनाओं को समझेंगे।

ग्राम दर्शन के दौरान प्रशिक्षु अधिकारी ग्रामीणों से सीधे संवाद कर यह भी जानेंगे कि सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ धरातल पर किस प्रकार पहुंच रहा है। साथ ही स्थानीय संसाधनों एवं संभावनाओं के आधार पर गांव के समग्र विकास के लिए आवश्यक सुझावों को भी संकलित किया जाएगा।

यह ग्राम दर्शन कार्यक्रम प्रशिक्षु अधिकारियों के लिए प्रशासनिक प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके माध्यम से उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक परिस्थितियों, स्थानीय आवश्यकताओं तथा विकास कार्यों के क्रियान्वयन की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त होगी। कार्यक्रम के अंत में प्राप्त अनुभवों एवं आंकड़ों के आधार पर तैयार की गई रिपोर्ट में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकासात्मक सुझावों को शामिल किया जाएगा।

प्रशिक्षु अधिकारियों में मनमोहन गुसाईं, ज़िला कमांडेंट होमगार्ड्स, ट्रेनी ऑफ़िसर (पौड़ी गढ़वाल से), ऐश्वर्या भट्ट, डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस, ट्रेनी ऑफ़िसर (चंपावत से),कंचन रावत, असिस्टेंट कमिश्नर स्टेट टैक्स, ट्रेनी ऑफ़िसर (उत्तरकाशी से),अंबरीश प्रसाद नौटियाल, फ़ाइनेंस ऑफ़िसर, ट्रेनी ऑफ़िसर (उत्तरकाशी से), हिमांशु चंद्र जोशी, असिस्टेंट कमिश्नर स्टेट टैक्स, ट्रेनी ऑफ़िसर (चंपावत से) का दल सामिल है।