नागनाथ पोखरी महाविद्यालय में स्वयं पोर्टल पर प्रशिक्षण, ऑनलाइन पाठ्यक्रमों की दी जानकारी
रुद्रप्रयाग / नवक्रांति समाचार
स्वयं (SWAYAM) पोर्टल पर ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के प्रति विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को किया गया जागरूक
हिमवंत कवि चंद्र कुंवर बर्त्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नागनाथ पोखरी में स्वयं (SWAYAM) पोर्टल से संबंधित एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन स्वयं समिति की संयोजक डॉ. किरण चौहान के निर्देशन में किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों को स्वयं पोर्टल पर उपलब्ध ऑनलाइन पाठ्यक्रमों की जानकारी देना तथा पोर्टल पर पंजीकरण एवं पाठ्यक्रमों में नामांकन की प्रक्रिया से अवगत कराना था।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. किरन चौहान ने स्वयं (SWAYAM) पोर्टल की उपयोगिता, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत इसकी महत्ता तथा ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को मिलने वाले शैक्षणिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को स्वयं पोर्टल पर नया पंजीकरण करने, लॉगिन करने, पाठ्यक्रमों का चयन करने तथा नामांकन की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. अभय कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को स्वयं पोर्टल पर पंजीकरण कर अपनी रुचि एवं विषयानुसार पाठ्यक्रमों का चयन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वयं पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण ऑनलाइन शिक्षा प्राप्त कर अपने ज्ञान एवं कौशल का विकास कर सकते हैं।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा स्वयं पोर्टल से संबंधित विभिन्न प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए। डॉ. किरन चौहान ने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में स्वयं पोर्टल पर पंजीकरण कर गुणवत्तापूर्ण ऑनलाइन पाठ्यक्रमों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्वयं (SWAYAM) पोर्टल समिति के सदस्य डॉ. रेखा चमोली, डॉ. कीर्ति गिल, डॉ. श्वेता तथा श्री नवनीत सती सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अंत में डॉ. किरन चौहान ने सभी प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

