उत्कृष्ट कार्य पर दो पुलिसकर्मी सम्मानित, एसपी ने लंबित मामलों के निस्तारण के दिए निर्देश

उत्कृष्ट कार्य पर दो पुलिसकर्मी सम्मानित, एसपी ने लंबित मामलों के निस्तारण के दिए निर्देश

रुद्रप्रयाग /नवक्रान्ति समाचार

जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण तथा प्रचलित केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 11 सितम्बर 2026 (शुक्रवार) को कार्यालय सभागार, रुद्रप्रयाग में पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर की अध्यक्षता में माह अगस्त की मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में जनपद के समस्त कोतवाली एवं शाखा प्रभारियों सहित विवेचकों ने प्रतिभाग किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो पुलिस कार्मिक सम्मानित – मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी के दौरान विगत माह में सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो पुलिस कार्मिकों हेड कांस्टेबल राकेश एवं कांस्टेबल महेन्द्र कुमार को पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने दोनों कार्मिकों के कार्य की सराहना करते हुए अन्य पुलिस कर्मियों को भी कर्तव्य के प्रति समर्पण एवं बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

लम्बित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण पर जोर – बैठक में जनपद की कानून-व्यवस्था एवं अपराध की स्थिति की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने 60 एवं 90 दिवस से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं तथा पार्ट-पेंडिंग मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। विवेचकों की कार्यप्रगति की समीक्षा करते हुए अनावश्यक रूप से लम्बित प्रकरणों में तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा सभी कोतवालियों में लम्बित मालों के भी शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

डिजिटल पुलिसिंग एवं विभिन्न पोर्टलों की नियमित मॉनीटरिंग के निर्देश – पुलिस अधीक्षक ने ई-साक्ष्य, ई-सम्मन, नेटग्रिड, एनसीआरपी, सीईआईआर, निदान, सीसीटीएनएस, ई-बीट बुक एवं ई-साइन सहित विभिन्न डिजिटल पुलिसिंग प्लेटफॉर्म की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एमआरएम, जीआरएम, समन्वय एवं सहयोग पोर्टल तथा सीसीटीएनएस पर प्राप्त शिकायतों एवं संदर्भों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं विधिसम्मत निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही प्रगति डैशबोर्ड पर लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनीटरिंग तथा सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित शिकायतों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

महिला सुरक्षा एवं नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही- पुलिस अधीक्षक ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला संबंधी प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध एनडीपीएस एवं आबकारी अधिनियम के तहत कठोर कार्यवाही करने, एकल निवासरत वरिष्ठ नागरिकों के आवासों पर नियमित भ्रमण कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने, गुमशुदा महिलाओं एवं बालिकाओं की शीघ्र खोजबीन तथा अज्ञात शवों की शिनाख्त के प्रयासों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

केदारनाथ धाम यात्रा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा – प्रचलित केदारनाथ धाम यात्रा के द्वितीय चरण के दृष्टिगत जनपद में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम एवं निर्विघ्न यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यातायात निरीक्षक एवं कोतवाली प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्रभावी चालानी कार्यवाही करने तथा चेकिंग के दौरान एल्कोमीटर का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस कार्मिकों के प्रशिक्षण पर विशेष जोर – पुलिस अधीक्षक ने समस्त पुलिस बल को नए भारतीय कानूनों से संबंधित रिफ्रेशर प्रशिक्षण सहित आवश्यक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद स्तर पर पुलिस कार्मिकों को फिंगरप्रिंट लिए जाने सम्बन्धी रिफ्रेशर प्रशिक्षण प्रदान करने तथा सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में आई-रैड में की जाने वाली प्रविष्टियों के सम्बन्ध में फील्ड में तैनात विवेचकों एवं कार्मिकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

आयोजित हुई गोष्ठी में प्रतिसार निरीक्षक कैलाश चन्द्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक रुद्रप्रयाग मुकेश चौहान, प्रभारी निरीक्षक अगस्त्यमुनि गुमान सिंह, प्रभारी निरीक्षक गुप्तकाशी राकेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक ऊखीमठ मनोज नेगी, प्रभारी चौकी सोनप्रयाग सुरेश चन्द्र बलूनी, प्रभारी एसओजी अशोक कुमार, प्रभारी टेक्निकल सेल नीलाभ खाली, निरीक्षक स्थानीय अभिसूचना इकाई सन्तोष भट्ट, वाचक रणजीत खनेड़ा, प्रधान लिपिक राजेश कुमार, आशुलिपिक नरेन्द्र सिंह सहित समस्त चौकी प्रभारी एवं विवेचक उपस्थित रहे।