ट्यूशन से लौटते समय काल बनी यूटिलिटी, 11वीं के छात्र की मौत से गांव में मातम
श्रीनगर गढ़वाल / नवक्रान्ति समाचार
श्रीनगर में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्र की जान चली गई, जबकि उसके साथ स्कूटी पर सवार दूसरा किशोर घायल हो गया। हादसा संयुक्त जिला अस्पताल के समीप ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। घटना के बाद मृतक के परिवार और गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, रुद्रप्रयाग जनपद के नैथाणा गांव निवासी 17 वर्षीय मुकुल नेगी अपने दोस्त के साथ स्कूटी से ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने की ओर से आ रहे एक यूटिलिटी वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों किशोर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मुकुल के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। बेस अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल उसके दोस्त का उपचार जारी है।
मुकुल शेमफोर्ड स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र था। होनहार बेटे की अचानक मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही नैथाणा गांव में मातम छा गया और परिजनों के साथ ग्रामीणों में भी शोक व्याप्त है।
पुलिस ने हादसे के संबंध में यूटिलिटी वाहन के चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

