अगस्त्यमुनि ब्लॉक में 141 नवनिर्वाचित उप-प्रधानों ने ली शपथ, गांवों के समग्र विकास का लिया संकल्प

अगस्त्यमुनि ब्लॉक में 141 नवनिर्वाचित उप-प्रधानों ने ली शपथ, गांवों के समग्र विकास का लिया संकल्प

रुद्रप्रयाग /नवक्रान्ति समाचार 

विकासखंड सभागार अगस्त्यमुनि में सोमवार को नवनिर्वाचित ग्राम उप-प्रधानों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। विकासखंड की 158 ग्राम सभाओं में से 141 नवनिर्वाचित ग्राम उप-प्रधानों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी सुरेश शाह ने की। उन्होंने सभी उप-प्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने गांवों के समग्र विकास, पारदर्शिता, जनभागीदारी और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

खंड विकास अधिकारी सुरेश शाह ने अपने संबोधन में कहा कि ग्राम उप-प्रधान ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा समयबद्ध ढंग से कार्यों का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

समारोह में प्रधान संगठन अध्यक्ष मनोज वैष्णव, जिलाध्यक्ष विजय पाल जगवाण, सहायक विकास अधिकारी (ADO) नवीन कुमार चंदोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी नवनिर्वाचित उप-प्रधानों को शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।