स्मार्ट PDS की नई सुविधा: घर बैठे बनवाएं राशन कार्ड, मिनटों में करें आवेदन
रुद्रप्रयाग /नवक्रान्ति समाचार
सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और डिजिटल बनाने की दिशा में जिला पूर्ति विभाग ने राशन कार्ड से जुड़ी सभी प्रमुख सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया है। अब नागरिकों को नया राशन कार्ड बनवाने, परिवार के सदस्य का नाम जोड़ने या हटाने तथा राशन कार्ड ट्रांसफर कराने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
विभाग के अनुसार राज्य सरकार की स्मार्ट पीडीएस योजना के तहत शुरू की गई इस सुविधा का लाभ नागरिक घर बैठे uk.smartpds.nic.in पोर्टल पर सिटीजन लॉगिन के माध्यम से उठा सकते हैं। पोर्टल पर नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करने के साथ-साथ कार्ड में आवश्यक संशोधन की सुविधा भी उपलब्ध है।
जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली ने बताया कि इस डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक समय पर सरकारी खाद्यान्न पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन प्रक्रिया से कार्यों में तेजी आएगी, पारदर्शिता बढ़ेगी और आम लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
ऑनलाइन आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
नया राशन कार्ड
- आय प्रमाण पत्र
- परिवार रजिस्टर की छायाप्रति
- परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड की छायाप्रति
- सभी सदस्यों की पासपोर्ट साइज फोटो एवं परिवार की संयुक्त फोटो
- बैंक पासबुक की छायाप्रति
- पता प्रमाण (बिजली बिल, पानी का बिल या गैस कनेक्शन का प्रमाण)
- ग्रामीण क्षेत्र के लिए ग्राम पंचायत अधिकारी की संस्तुति/आख्या
बच्चे का नाम जोड़ने के लिए
- जन्म प्रमाण पत्र
- राशन कार्ड/परिवार रजिस्टर की छायाप्रति
- पासपोर्ट साइज फोटो
नाम हटाने के लिए
- मृत्यु प्रमाण पत्र
- राशन कार्ड
राशन कार्ड ट्रांसफर के लिए
- पुराना राशन कार्ड
- संबंधित जनपद/तहसील का विवरण
- उचित दर विक्रेता (FPS) का नाम
- FPS कोड नंबर
जिला पूर्ति विभाग ने नागरिकों से अधिक से अधिक ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करने की अपील की है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के लोग ग्राम पंचायत विकास अधिकारी कार्यालय तथा शहरी क्षेत्र के नागरिक जिला पूर्ति अधिकारी या संबंधित पूर्ति निरीक्षक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
इस पहल से राशन कार्ड से जुड़ी सेवाएं अब पहले की तुलना में अधिक सरल, समयबद्ध और पारदर्शी होने की उम्मीद है।

