छात्रसंघ चुनाव में नियमों का पालन जरूरी, नागनाथ पोखरी कॉलेज में आयोजित हुआ अभिविन्यास कार्यक्रम
नागनाथ पोखरी / रुद्रप्रयाग
हिमवंत कवि चंद्र कुंवर बर्त्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नागनाथ पोखरी, चमोली में छात्रसंघ निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से छात्रसंघ निर्वाचन नियमावली अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं को छात्रसंघ निर्वाचन की प्रक्रिया, पात्रता, निर्वाचन आचार संहिता तथा निर्वाचन संबंधी नियमों एवं प्रावधानों की समुचित जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रीटा शर्मा ने की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी, खण्ड पोखरी श्री अल्पेश नौटियाल रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में बार काउंसिल के अध्यक्ष श्री श्रवण सती, बार काउंसिल की सचिव श्रीमती राधा रानी रावत तथा अभिभावक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष श्री ऋषि प्रसाद भट्ट उपस्थित रहे।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. रीटा शर्मा ने कहा कि छात्रसंघ निर्वाचन विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन केवल प्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक आचरण, अनुशासन, सहिष्णुता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे निर्वाचन नियमावली एवं आचार संहिता का पूरी निष्ठा से पालन करें तथा महाविद्यालय की गरिमा और शैक्षणिक वातावरण को बनाए रखते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में सहभागिता करें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं का निर्माण तभी संभव है जब प्रत्येक विद्यार्थी अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहे।
मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी श्री अल्पेश नौटियाल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि छात्रसंघ निर्वाचन विद्यार्थियों के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने और उसे व्यवहार में उतारने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से निर्वाचन के दौरान अनुशासन, शालीनता एवं पारस्परिक सम्मान बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन में प्रतिस्पर्धा स्वाभाविक है, लेकिन प्रतिस्पर्धा स्वस्थ एवं नियमसम्मत होनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को निर्वाचन नियमों एवं आचार संहिता का अक्षरशः पालन करने तथा किसी भी प्रकार के विवाद, अनुशासनहीनता अथवा भ्रामक प्रचार से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक सफलता केवल चुनाव जीतने में नहीं, बल्कि नियमों का सम्मान करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने में है।
बार काउंसिल अध्यक्ष श्री श्रवण सती ने लिंगदोह समिति की प्रमुख सिफारिशों एवं छात्रसंघ निर्वाचन संबंधी प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए अपने व्यावहारिक अनुभव छात्र-छात्राओं के साथ साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों से निर्वाचन प्रक्रिया में अनुशासन, पारदर्शिता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बनाए रखने का आह्वान किया।
इसी क्रम में बार काउंसिल सचिव श्रीमती राधा रानी रावत ने लिंगदोह समिति की प्रमुख सिफारिशों एवं निर्वाचन नियमों पर प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं से अनुशासन, पारदर्शिता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ निर्वाचन में सहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम में छात्रसंघ निर्वाचन समिति के संयोजक डॉ. योगेश प्रसाद भट्ट द्वारा पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से लिंगदोह समिति की सिफारिशों को छात्र-छात्राओं के सम्मुख विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया गया। उन्होंने छात्रसंघ निर्वाचन में प्रत्याशियों की पात्रता, आयु, शैक्षणिक स्थिति, निर्वाचन व्यय, प्रचार-प्रसार तथा निर्वाचन आचार संहिता से संबंधित प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी।
इसी क्रम में छात्रसंघ निर्वाचन समिति की सदस्य डॉ. रेखा चमोली ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के छात्रसंघ निर्वाचन संविधान के विभिन्न प्रावधानों को छात्र-छात्राओं के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने निर्वाचन की संरचना, विभिन्न पदों, निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान एवं मतगणना तथा निर्वाचन से संबंधित नियमों एवं दायित्वों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से इस बात के लिए जागरूक किया गया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान महाविद्यालय परिसर में अनुशासन एवं शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को निर्वाचन संबंधी नियमों, आचार संहिता एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप ही प्रचार-प्रसार एवं अन्य निर्वाचन गतिविधियां संचालित करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की तथा महाविद्यालय प्रशासन एवं निर्वाचन समिति द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं अनुशासित छात्रसंघ निर्वाचन में सहयोग करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय छात्रसंघ निर्वाचन समिति के सदस्य डॉ. रामानंद उनियाल, डॉ. आयुष बर्त्वाल, महाविद्यालय मुख्य शास्ता डॉ. शिवचंद रावत, डॉ. अभय कुमार श्रीवास्तव, डॉ. शाजिया सिद्दीकी, डॉ. कंचन सहगल, डॉ. शशि चौहान, डॉ. आरती रावत, डॉ. श्वेता रावत, डॉ. किरन चौहान, डॉ. भगवती पंत, डॉ. सोहनी, डॉ. प्रियंका घिड़ियाल, डॉ. अनुपम रावत, डॉ. केवला नन्द, श्री दिगम्बर सिंह, श्री विक्रम सिंह कंडारी, श्री विमल बिष्ट, श्री चंदन सिंह, श्री चंद्रेश प्रसाद, श्री विजय कुमार, श्रीमती ललिता कंडारी, श्री प्रबल सिंह, श्री नवनीत सती, श्री विजयपाल, श्री दीपक रावत एवं श्री गुलशन कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी, पुरातन छात्र संघ के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन संस्कृत विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीण मैठाणी ने किया।

