रुद्रप्रयाग: जीआईसी चोपड़ा में अधिकारियों ने किया निरीक्षण, छात्र-छात्राओं को दिया भविष्य निर्माण का मंत्र
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में जनपद में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में करियर काउंसलिंग, जागरूकता एवं निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज राजकीय इंटर कॉलेज चोपड़ा में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा विद्यालय का निरीक्षण किया गया तथा छात्र-छात्राओं को करियर काउंसलिंग प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल तथा जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संदीप भट्ट ने विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें शिक्षा के महत्व, करियर के विभिन्न विकल्पों तथा भविष्य में आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी दी।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता एवं योग्यता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने और उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, भविष्य में उपलब्ध विभिन्न शैक्षिक एवं व्यावसायिक अवसरों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने, उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करने तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

