जखोली में लगा निःशुल्क नेत्र शिविर, 18 लोगों को दवा दी गई और 7 ऑपरेशन के लिए चिन्हित
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सौजन्य से राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में जखोली में आयोजित निःशुल्क नेत्र शिविर में 26 लोगों के नेत्रों की जांच हुई, जबकि 07 लोगों के नेत्र मोबितयाबिंद से ग्रसित मिले।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल के निर्देशन व विवेकानंद नेत्रालय के सहयोग से अक्टूबर माह का पहला निःशुल्क मोतियाबिंद शिविर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में आयोजित किया गया। शिविर मे 12 पुरूष व 14 महिलाओं सहित कुल 26 लोगों की जांच की गई, जिसमें से 18 को दवा वितरित की गई, वहीं 05 पुरूष व 02 महिला सहित 07 लोगों के नेत्र मोतियाबिंद से ग्रसित पाए गए, जिनका देहरादून स्थिति विवेकानंद नेत्रालय में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन किया जाएगा। उन्हें विवेकानंद नेत्रालय रामकृष्ण मिशन आश्रम की टीम द्वारा देहरादून ले जाया जाएगा। अगला मोतियाबिंद शिविर दिनांक 04 अक्टूबर को भाणाधार स्थित विवेकानंद वीजन सेंटर व 07 अक्टूबर को ग्राम पंचायत मनसूना में होगा। नेत्र परीक्षण शिविरों में सेवा प्रदान करने वाली मेडिकल टीम में दृष्टिमितिज्ञ सौरभ रावत राकेश कुंवर आदि मौजूद थे।

