अगस्त्यमुनि में मानसिक स्वास्थ्य व दिव्यांगता शिविर, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की 58 लोगों की जांच

अगस्त्यमुनि में मानसिक स्वास्थ्य व दिव्यांगता शिविर, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की 58 लोगों की जांच

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग एवं जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, रुद्रप्रयाग के संयुक्त तत्वावधान में आज क्रीड़ा भवन अगस्त्यमुनि में मानसिक दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग, एनआईवीएच देहरादून एवं मेडिकल कॉलेज श्रीनगर की ओर से आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया।

 

शिविर में कुल 58 व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मानसिक दिव्यांगता से संबंधित परीक्षण एवं जांच की गई। परीक्षण के उपरांत पात्र पाए गए 23 व्यक्तियों को मानसिक दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत मानसिक स्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की गईं। विभागीय अधिकारियों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों ने प्रतिभागियों एवं उनके परिजनों को दिव्यांगजनों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी भी दी।

 

इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज श्रीनगर से डॉ. पार्थ गुप्ता, एनआईवीएच देहरादून से डॉ. मेहुल गुप्ता, सहायक समाज कल्याण अधिकारी धीरज बुटोला, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र रुद्रप्रयाग से बृजमोहन नेगी, विकास नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।