रुद्रप्रयाग बाजार में खाद्य सुरक्षा और ओवररेटिंग पर प्रशासन का शिकंजा

रुद्रप्रयाग बाजार में खाद्य सुरक्षा और ओवररेटिंग पर प्रशासन का शिकंजा

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

जिलाधिकारी महोदय के निर्देशों के अनुपालन में जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली एवं सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा, मनोज कुमार सेमवाल के नेतृत्व में पूर्ति निरीक्षक रुद्रप्रयाग चंद्रमोहन बड़मोला, पूर्ति निरीक्षक हिमांशु तथा अन्य विभागीय कर्मचारियों की संयुक्त टीम द्वारा रुद्रप्रयाग बाजार में सघन छापेमारी एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान बाजार स्थित होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, फल एवं सब्जी विक्रेताओं तथा परचून की दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई, निर्धारित मानकों का अनुपालन, ओवररेटिंग पर रोक तथा घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की रोकथाम सुनिश्चित करना रहा।

निरीक्षण के दौरान दुकानों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित न किए जाने तथा कुछ दुकानों पर खराब सब्जियां बेचे जाने जैसी कमियां पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों को चेतावनी नोटिस जारी किए गए। साथ ही सभी दुकानदारों को निर्देशित किया गया कि वे अपनी दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें, खराब एवं गुणवत्ताविहीन खाद्य सामग्री की बिक्री न करें तथा खाद्य सुरक्षा एवं उपभोक्ता हितों से संबंधित निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

संयुक्त टीम ने स्पष्ट किया कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान यदि पुनः ऐसी अनियमितताएं पाई जाती हैं, तो संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन द्वारा आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने, उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने तथा बाजार व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से इस प्रकार के निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रखे जाएंगे।