सीएचसी अगस्त्यमुनि पहुंचीं सीएमओ, अस्पताल की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा
रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के स्वास्थ्य संस्थानों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी रुद्रप्रयाग डॉ. पारुल गोयल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के जनरल वार्ड, महिला वार्ड, स्टाफ रूम, दवाइयां की उपलब्धता एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जनरल वार्ड में 08 मरीज भर्ती पाए गए, जबकि महिला वार्ड में एक प्रसव का मामला था।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने अस्पताल में साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपचार, दवाइयों की उपलब्धता, स्वास्थ्य कर्मियों के व्यवहार तथा अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं मरीजों की संतुष्टि का आकलन किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता बनाए रखने, मरीजों को समयबद्ध एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

