रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल पहुंचे एडीएम, साफ-सफाई और चिकित्सा सुविधाओं का किया निरीक्षण

रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल पहुंचे एडीएम, साफ-सफाई और चिकित्सा सुविधाओं का किया निरीक्षण

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

जनपद में सार्वजनिक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा निर्धारित मानकों का अनुपालन कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी, रुद्रप्रयाग श्याम सिंह राणा द्वारा जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में साफ-सफाई, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा सेवाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चिकित्सालय में स्वच्छता बनाए रखने, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन द्वारा जनपद में संचालित विभिन्न सार्वजनिक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के साथ ही औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं, ताकि आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।